कानपुरl बर्रा थाना क्षेत्र की कर्रही पुरानी बस्ती में सोमवार को घरेलू विवाद के दौरान एक सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकलकर मेन गेट के पास बैठ गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
कर्रही पुरानी बस्ती निवासी 75 वर्षीय साहेब लाल केस्को में चतुर्थ श्रेणी कर्मी के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके परिवार में 65 वर्षीय पत्नी ललिता, दो बेटे और चार विवाहित बेटियां हैं। बड़ा बेटा महेंद्र अपने परिवार के साथ पास ही दूसरे मकान में रहता है, जबकि अविवाहित बेटा सुरेंद्र माता-पिता के साथ रहता था। सुरेंद्र पुताई का काम करता है और सोमवार सुबह करीब नौ बजे काम पर चला गया था।
आरोपी के भाई महेश के अनुसार, वह सुबह करीब दस बजे भाभी से मिलने उनके घर पहुंचा था। उस समय साहेब लाल मेन गेट के पास बैठा हुआ था। जब महेश ने ललिता के बारे में पूछा तो साहेब लाल ने कोई जवाब नहीं दिया। संदेह होने पर महेश ने गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहां ललिता का शव पड़ा मिला और पास ही हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फोरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


