औरैया: अजीतमल क्षेत्र अंतर्गत मोहारी गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध (elderly man) की जलकर मौत (burned to death) हो गई। ठंड से बचाव के लिए जलाए गए अलाव की चिंगारी बिस्तर पर गिरने से आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण वृद्ध चारपाई से उठ नहीं पाए और आग की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
मिली जानकारी के अनुसार गांव मोहारी निवासी बल्दू वाल्मीक शुक्रवार रात अपनी पत्नी जानकी के साथ घर के एक कमरे में चारपाई पर सो रहे थे। ठंड अधिक होने के कारण पास में अलाव जलाया गया था। रात करीब दो बजे अचानक अलाव की चिंगारी उड़कर बिस्तर पर जा गिरी, जिससे चारपाई और बिस्तर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और कमरे में धुआं भर गया।
आग लगते ही जानकी की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत अपना बिस्तर समेटा और कमरे से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। वहीं बल्दू चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थे, जिस कारण वह चारपाई से नीचे नहीं उतर सके। देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और उनकी जलकर मौत हो गई।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य पास के दूसरे घर में सो रहे थे। आग और शोर की सूचना पर जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वृद्ध की जान नहीं बचाई जा सकी।
सूचना मिलने पर अजीतमल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


