फर्रुखाबाद| सातनपुर मंडी रोड पर इन दिनों लग रहे भीषण जाम ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आलू की आवक बढ़ने के चलते रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैक्टर आलू लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, जबकि मंडी से यही आलू ट्रकों में लोड होकर बाहर की मंडियों और अन्य जनपदों के लिए रवाना किए जा रहे हैं। ट्रैक्टरों और भारी ट्रकों की एक साथ आवाजाही, ऊपर से सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन, जाम की समस्या को और भी गंभीर बना रहे हैं। स्थिति यह हो गई है कि सुबह से शाम तक इस मार्ग पर रेंग-रेंग कर वाहन चलते नजर आते हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सातनपुर मंडी रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे है। यहां न तो ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है और न ही किसी प्रकार के संकेतक या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार सड़क पर ट्रैक्टर और ट्रक खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो जाता है। इसका खामियाजा आम राहगीरों, दोपहिया चालकों, स्कूल बसों और ऑटो चालकों को भुगतना पड़ रहा है। कई बार तो लोगों को आधा-आधा घंटा जाम में फंसे रहना पड़ता है।
जाम के चलते एंबुलेंस, और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निकलने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। व्यापारियों और किसानों का कहना है कि समय पर माल की ढुलाई न होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और यातायात विभाग से मांग की है कि मंडी रोड पर स्थायी यातायात पुलिस की तैनाती की जाए, भारी वाहनों के लिए अलग-अलग समय तय किया जाए और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सातनपुर मंडी रोड को जाम की समस्या से जल्द राहत मिल सके।






