फर्रुखाबाद। शहर के आवास विकास क्षेत्र से लेकर बढ़पुर तक शुक्रवार को अचानक भीषण जाम लग गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और दोपहिया, चारपहिया सहित भारी वाहन रेंगते नजर आए। जाम की स्थिति इतनी भयावह थी कि कई वाहन चालक और राहगीर घंटों तक सड़क पर ही फंसे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाम का मुख्य कारण सड़क पर अत्यधिक वाहनों का दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग तथा यातायात व्यवस्था का सुचारु रूप से संचालन न होना बताया जा रहा है। वहीं, कई स्थानों पर मार्ग संकरा होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई। जाम के चलते स्कूल, कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों तथा व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जाम में फंसे वाहन चालकों का कहना है कि उन्हें काफी देर तक वाहन में ही बैठे रहना पड़ा, जिससे समय पर गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो गया। खासकर एंबुलेंस, स्कूली वाहन और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग भी जाम में फंसे रहे, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। आए दिन लगने वाले जाम से लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहा है। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।





