यात्रियों को हो सकती है परेशानी

नई दिल्ली| देशभर में ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप आधारित कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी सेवाओं से जुड़े ड्राइवर शनिवार 7 फरवरी को हड़ताल पर रहेंगे। ड्राइवर संगठनों ने इसे ‘ऑल इंडिया ब्रेकडाउन’ का नाम दिया है। हड़ताल के दौरान ड्राइवर अपने मोबाइल ऐप बंद रखेंगे, जिससे आम यात्रियों को कैब, ऑटो या बाइक टैक्सी मिलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे पहले से ही मेट्रो, बस या निजी वाहन जैसे वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था कर लें।
यह हड़ताल तेलंगाना गिग वर्कर्स यूनियन (TGPWU) और अन्य संगठनों के आह्वान पर की जा रही है। यूनियन का आरोप है कि ऐप कंपनियों द्वारा किराए और कमीशन को लेकर कोई स्पष्ट नियम नहीं बनाए गए हैं, जिससे ड्राइवरों का शोषण हो रहा है। ड्राइवरों का कहना है कि न तो उनका न्यूनतम किराया तय है और न ही कमाई की कोई गारंटी। इसी को लेकर यूनियन ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
ड्राइवर संगठनों की प्रमुख मांग है कि ऑटो, टैक्सी और बाइक टैक्सी के लिए सरकार तुरंत न्यूनतम किराया तय करे और यह फैसला ड्राइवरों से बातचीत के बाद ही लिया जाए। इसके साथ ही निजी (सफेद नंबर प्लेट) वाहनों के कमर्शियल इस्तेमाल पर रोक लगाने या उन्हें कमर्शियल श्रेणी में लाने की भी मांग की गई है। यूनियन का कहना है कि ऐप कंपनियों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए सरकारी निगरानी बेहद जरूरी है।
हड़ताल का असर अलग-अलग शहरों में अलग स्तर पर देखने को मिल सकता है, लेकिन बड़े शहरों में आने-जाने में सबसे ज्यादा परेशानी होने की आशंका है। अगर कहीं गाड़ियां उपलब्ध भी हुईं तो मांग अधिक होने के कारण किराया सामान्य से काफी ज्यादा हो सकता है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यात्रियों को ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी गिग वर्कर्स और ड्राइवर कई बार हड़ताल कर चुके हैं। हाल ही में 3 फरवरी 2026 को सुरक्षा, बेहतर आय और ‘10 मिनट डिलीवरी’ जैसे दबाव वाले सिस्टम के विरोध में प्रदर्शन हुआ था। इसके अलावा 2025 के अंत में भी देशभर में बड़े आंदोलन देखने को मिले थे। ड्राइवरों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, घटते कमीशन और असुरक्षित कामकाजी हालात ने उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here