ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
फर्रुखाबाद| नवाबगंज–मंझना मार्ग पर बघार गांव के समीप सड़क किनारे की मिट्टी धंस जाने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। सड़क के किनारे गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक साबित हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवाबगंज–मंझना मार्ग से भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है। ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहन गुजरने के कारण सड़क किनारे की मिट्टी और अधिक धंसती जा रही है। यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो सकता है और किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की सूचना कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही मरम्मत का कोई कार्य शुरू किया गया है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते आम लोगों की जान खतरे में डाली जा रही है। उन्होंने मांग की है कि सड़क के धंसे हुए हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड व बैरिकेडिंग लगाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।





