34 C
Lucknow
Thursday, April 23, 2026

लॉटरी से हुआ कोटेदार का चयन, सुआलाल बने नए सरकारी राशन विक्रेता

Must read

अमृतपुर| तहसील क्षेत्र के ग्राम डबरी में दो वर्षों से रिक्त पड़े सरकारी राशन विक्रेता (कोटेदार) पद का चयन आखिरकार बुधवार शाम को लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से कर लिया गया। तहसील सभागार में आयोजित इस प्रक्रिया में सुआलाल के नाम की पर्ची निकलने पर उन्हें ग्राम डबरी का नया कोटेदार घोषित किया गया। कोटेदार पद लंबे समय से खाली रहने के कारण ग्रामीणों को राशन वितरण में लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

यह पद पूर्व राशन विक्रेता रमेश चंद्र की मृत्यु के बाद रिक्त हुआ था। इसके बाद ग्राम सभा स्तर पर कई बार खुली बैठकें आयोजित कर कोटेदार चयन का प्रयास किया गया, लेकिन आपसी सहमति न बनने और विवाद की आशंका के चलते प्रक्रिया हर बार अधूरी रह गई। अंततः निष्पक्ष और पारदर्शी चयन के लिए विकास खंड अधिकारी द्वारा लॉटरी के माध्यम से चयन कराने का सुझाव दिया गया।

बुधवार को अमृतपुर तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। कोटेदार पद के लिए गांव के कुल दस अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील परिसर के बाहर एक बच्चे से लॉटरी निकलवाई गई, जिसमें सुआलाल के नाम की पर्ची निकली। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने उन्हें आधिकारिक रूप से नया सरकारी राशन विक्रेता घोषित किया।

गुरुवार को सहायक राजस्व अधिकारी अनिल कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सभा में सहमति न बन पाने के कारण ही लॉटरी का सहारा लिया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान बीडीओ सुनील कुमार जायसवाल, एडीओ पंचायत अजीत पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। नए कोटेदार के चयन के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अब राशन वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article