दिल्ली। BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की पिटाई और कथित प्रताड़ना के मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तीखा बयान जारी किया है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों से जोड़ते हुए सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने की अपील की है।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि इस मामले में अब केवल सुप्रीम कोर्ट से ही उम्मीद बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए। उनका कहना है कि BLO जैसे जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों को डराया-धमकाया और प्रताड़ित किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हर वोटर के अधिकारों की रक्षा करना लोकतंत्र की बुनियादी जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने देश के ईमानदार अधिकारियों से सामने आने की अपील करते हुए कहा कि सच के साथ खड़े होना आज सबसे बड़ी जरूरत है।
अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक संदेश में यह भी कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार लगातार बढ़ रहा है, जबकि भाजपा इससे घबराई हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि इसी डर के कारण लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने की कोशिशें की जा रही हैं।
इस बयान के बाद BLO से जुड़े मुद्दे और फॉर्म-7 को लेकर सियासत और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here