30 C
Lucknow
Thursday, April 16, 2026

‘हर घर जल’ योजना की समीक्षा, सड़कों की मरम्मत पर दिया गया जोर

Must read

 

हरदोई| स्वामी विवेकानंद सभागार में ‘जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत ‘हर घर जल’ योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने की। बैठक में जिले में चल रही पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। मंत्री नितिन अग्रवाल ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खुदाई के बाद सड़कों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से ठीक कराया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘हर घर जल’ योजना का लाभ निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिले के सभी ग्रामीण परिवारों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, क्योंकि यह ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक अहम कदम है।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने मंत्री का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन शासन के निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन करेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया और बताया कि विकास खंड स्तर पर कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

बैठक के समापन पर मंत्री नितिन अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन ही जनता का विश्वास मजबूत करेगा। इस अवसर पर जल निगम के सहायक अभियंता नवनीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article