फर्रुखाबाद| राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित करीब आठ महीने पहले आई बाढ़ के पानी से सड़क पूरी तरह टूट गई थी, जो अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी है। हालात यह हैं कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और एक फीट से अधिक कीचड़ जमा हो गया है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाल ही में हुई तेज बारिश के बाद स्थिति और भी बदतर हो गई। सड़क पर जलभराव होने से तिवारी मार्केट की दुकानों तक कीचड़ पहुंच गया, जिससे व्यापार प्रभावित हुआ है। बाजार आने-जाने वाले ग्राहक फिसलन और गड्ढों के कारण परेशान हैं, वहीं दोपहिया और पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
सड़क की मरम्मत कराने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने गन्ना विभाग को पत्र भेजा है। पत्र में गन्ना भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी ट्रकों के इस सड़क से आवागमन पर रोक लगाने का आग्रह किया गया है, ताकि मरम्मत कार्य शुरू किया जा सके। हालांकि पीडब्ल्यूडी द्वारा पत्र भेजे जाने के बावजूद अभी तक गन्ना विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। परिणामस्वरूप गन्ना भरे भारी वाहन लगातार इसी जर्जर सड़क से गुजर रहे हैं, जिससे सड़क की हालत और खराब होती जा रही है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी ने बताया कि गन्ना विभाग को पत्र इसलिए भेजा गया है ताकि भारी वाहनों का आवागमन रोका जा सके और सड़क की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने भी जल्द मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि बाजार की स्थिति सामान्य हो सके और लोगों को राहत मिल सके।





