– 29 नामांकन पत्र निरस्त, 188 प्रत्याशियों ने दाखिल किए थे पर्चे
– 23 अक्टूबर को होगा मतदान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। जांच के बाद 29 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए, जबकि 159 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए हैं।
कुल 188 प्रत्याशियों ने 11 सीटों के लिए नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब 159 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे हैं। हालांकि, प्रत्याशियों के पास 9 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का अवसर है। इसके बाद चुनाव मैदान की अंतिम तस्वीर साफ होगी।
विधान परिषद की इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के तहत मतदान के बाद 27 अक्टूबर को मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन चुनावों में खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। नामांकन के दौरान वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र से सबसे अधिक 27 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था, जबकि लखनऊ खंड स्नातक से 22 और आगरा खंड स्नातक से 20 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।


