फर्रुखाबाद: मेला श्री रामनगरिया (Mela Ramnagariya) के सांस्कृतिक पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार अंजली चौहान की नृत्यकला ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिलाधिकारी (District Magistrate) आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अंजली की कला साधना को सराहा व उनके साथ उनकी टीम का सम्मान किया। समवेत संस्था की सदस्य अंजली चौहान जो मूलत जनपदकी ही निवासी हैंने अपनी टीम के साथ नृत्य, भाव-भंगिमा और मंचीय अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
बता दें कि अंजली चौहान बॉलीवुड फिल्म ग़दर-2 सहित कई मंचों पर अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं और वर्तमान में जनपद के बच्चों को नृत्यकला का प्रशिक्षण देकर स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का कार्य भी कर रही हैं। कार्यक्रम के मध्य राम स्वयंवर का अत्यंत मनोहारी मंचन किया गया, जिसमें नृत्यकला और नाट्य का जो अद्वितीय संगम देखने को मिला, उसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
अंजलि चौहान द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों की प्रस्तुतियाँ में
नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने वातावरण को और अधिक आनंदमय बना दिया, जिन्हें देखकर दर्शकों के चेहरे खिल उठे। मेला सचिव एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, भूपेंद्र प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन वैभव सोमवंशी द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सधे हुए और प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया।यह सांस्कृतिक संध्या मेला श्री रामनगरिया को आस्था के साथ-साथ कला और संस्कृति का भी सशक्त केंद्र सिद्ध करती नजर आई।
मेला श्रीरामनगरिया उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जनपद में गंगा जी के पावन तट पर माघ माह में आयोजित होने वाला एक प्राचीन और श्रद्धा से परिपूर्ण धार्मिक मेला है। यह मेला कल्पवास, साधु-संतों की साधना, धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध है तथा प्रयागराज के बाद गंगा तट पर लगने वाला प्रदेश का प्रमुख धार्मिक आयोजन माना जाता है।


