फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पीएसी बल के जवानों ने आवास, भोजन तथा असलहा सुरक्षित रखने के लिए अलग और बेहतर व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई है। जवानों का कहना है कि लंबे समय तक ड्यूटी के दौरान ठहरने और खाने-पीने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ असलहा सुरक्षित रखने के लिए पृथक स्थान होना आवश्यक है, जिससे वे निश्चिंत होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
पीएसी जवानों की इस मांग को लेकर मेला प्रशासन और अधिकारियों के बीच चर्चा हुई। इस दौरान अपर जिला अधिकारी (कार्मिक) दिनेश कुमार ने जवानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस वर्ष मेला रामनगरिया में बीते वर्ष की तुलना में अधिक और बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा बलों की सुविधाएं प्रशासन की प्राथमिकता में हैं।
एडीएम दिनेश कुमार ने कहा कि यदि किसी भी जवान को आवास, भोजन या अन्य किसी व्यवस्था को लेकर कोई दिक्कत है तो वे तत्काल इसकी जानकारी प्रशासन को दें। शिकायत मिलते ही संबंधित समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मेला क्षेत्र में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।
प्रशासन का मानना है कि मेला रामनगरिया में लाखों श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुरक्षा का दायित्व संभाल रहे पीएसी जवानों को बेहतर सुविधाएं देना बेहद जरूरी है। जवानों की मांग सामने आने के बाद प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।





