दर्दनाक सड़क हादसा: तालाब में गिरी बाइक, कन्नौज के युवक की मौत

0
31

फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव के मोड़ पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी, जिसमें सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र स्थित बनियानी गांव निवासी सचिन दिवाकर (23 वर्ष) की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक सचिन अपने साथी सतीश कुमार और रामकुमार के साथ कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव में स्थित अपनी बहन नंदिनी के तिलक समारोह में शामिल होने जा रहा था। बीरपुर गांव के मोड़ पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और तालाब में जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलेंस व पीआरवी 112 को सूचना दी।

एम्बुलेंस पायलट विकास और ईएमटी रजनीश ने तीनों घायलों को तुरंत सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. वशिष्ठ कटियार ने सचिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि सतीश और रामकुमार को प्राथमिक उपचार दिया गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक सचिन दिवाकर के परिजन—पिता शेरसिंह, भाई रामू और अन्य रिश्तेदार—सीएचसी पहुंचे। सचिन का शव देखकर परिजन बुरी तरह बिलख पड़े और अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here