नई दिल्ली। पाकिस्तान के उत्तर–पश्चिमी शहर पेशावर में सोमवार सुबह आतंकियों ने फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी (एफ़सी) पैरामिलिट्री फोर्स के मुख्यालय पर बड़ा हमला कर दिया। बंदूकधारियों द्वारा किए गए इस हमले में दो आत्मघाती हमलावर शामिल थे, जिन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार और परिसर के भीतर विस्फोट किए। प्रारंभिक सूचना के अनुसार इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि पहला आत्मघाती हमलावर मुख्य गेट पर विस्फोट करके अंदर घुसने का रास्ता बनाने की कोशिश कर रहा था, जबकि दूसरा हमलावर सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए मुख्यालय के परिसर तक पहुंच गया और वहां विस्फोट किया। धमाकों के बाद परिसर में गोलीबारी भी हुई, जिससे दहशत फैल गई।
घटना के बाद सेना, पुलिस और अन्य कानून-व्यवस्था बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि मुख्यालय के अंदर कुछ और आतंकवादी छिपे हो सकते हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है। एफसी मुख्यालय एक भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित है, ऐसे में हमले के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोगों ने दावा किया कि एफसी चौक और मेन सदर इलाके में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। पाकिस्तानी समाचार संस्था ‘डॉन’ के अनुसार पुलिस अधिकारी मियां सईद अहमद ने बताया कि “एफसी मुख्यालय पर कई धमाकों की पुष्टि हुई है, सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरा क्षेत्र सील कर दिया गया है।”
गौरतलब है कि इस वर्ष की शुरुआत में भी क्वेटा में पैरामिलिट्री मुख्यालय के बाहर कार बम धमाके में कम से कम दस लोगों की मौत और कई घायलों की सूचना मिली थी। लगातार हो रहे ऐसे हमलों से पाकिस्तान में सुरक्षा हालात को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।





