लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पुलिस लाइन में तैनात संविदाकर्मी प्रदीप कुमार गौतम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप की हत्या उसकी पत्नी चांदनी उर्फ ज्योति ने अपने प्रेमी बच्चा लाल से कराई थी। पत्नी ने ही प्रेमी को तमंचा खरीदने के लिए सात हजार रुपये दिए और फिर खुद पति की लोकेशन बताकर उसे मौत के जाल में फंसा दिया।
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी अमोल मुर्कुट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप की पत्नी चांदनी उर्फ ज्योति और उसका प्रेमी बच्चा लाल शामिल हैं। बच्चा लाल मूल रूप से बांदा जिले के बबेरू तहसील क्षेत्र के कुर्रा का पुरवा गांव का रहने वाला है और ड्राइवर का काम करता है। बच्चा लाल, प्रदीप का दोस्त था और अक्सर उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान चांदनी और बच्चा लाल के बीच अवैध संबंध बन गए। दोनों ने मिलकर प्रदीप की हत्या की साजिश रच डाली।
शनिवार रात जब प्रदीप ड्यूटी से घर लौट रहा था, तभी चांदनी ने उसे फोन किया और लोकेशन पूछी। प्रदीप ने बताया कि वह एयरफोर्स तिराहे के पास है। चांदनी ने यह जानकारी तुरंत बच्चा लाल को दे दी। बच्चा लाल वहां पहुंचा और प्रदीप से शराब पीने की बात कही। प्रदीप उस पर भरोसा कर बैठा और उसके साथ आउटर रिंग रोड की तरफ चला गया।
वहां दोनों ने शराब पी। जब प्रदीप नशे में धुत हो गया, तो बच्चा लाल ने तमंचे से पहले उसकी पीठ में और फिर कनपटी पर गोली मार दी। प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद बच्चा लाल ने चांदनी को फोन कर कहा — “काम हो गया।” फिर प्रदीप की बाइक लेकर वहां से फरार हो गया ताकि मामला लूट जैसा लगे।
पुलिस ने इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार सिंह, क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा और सर्विलांस टीम सहित चार टीमें लगाकर 48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, प्रदीप की बाइक, 315 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में चांदनी ने स्वीकार किया कि उसने ही प्रेमी बच्चा लाल को तमंचा खरीदने के लिए सात हजार रुपये दिए थे। उसने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और आए दिन उससे मारपीट करता था। इस वजह से उसने प्रेमी के साथ मिलकर उससे छुटकारा पाने की साजिश रची और उसकी हत्या करा दी।





