राजपूताना होटल में हुई तैयारी बैठक, शस्त्र पूजन, वैदिक यज्ञ और मेधावी छात्र एवं क्षत्रिय गौरव सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
फर्रुखाबाद। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, फर्रुखाबाद की ओर से विजय दशहरा पर्व के अवसर पर शस्त्र पूजन, वैदिक यज्ञ, मेधावी छात्र सम्मान एवं क्षत्रिय गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राजपूताना होटल में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह को भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की जानकारी देते हुए महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि समारोह को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा की गई है। बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि विजय दशहरा समारोह का आयोजन 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को सुबह नौ बजे से राजपूताना पब्लिक स्कूल, छिबरामऊ रोड, फर्रुखाबाद में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक यज्ञ और शस्त्र पूजन के साथ होगा। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ क्षत्रिय गौरव सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता फर्रुखाबाद के पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह ‘मुन्नू बाबू’ करेंगे, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व आईजी आर.के. सिंह राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
तैयारी बैठक में वीरेंद्र सिंह राठौर, राघवेंद्र सिंह राजू, कैप्टन डी.एस. राठौर, मनोज भदौरिया, अनिल प्रताप सिंह, श्रीमती सुमन राठौर, राम बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह राठौर, भुवनेश भदौरिया, सुरेंद्र सिंह गौर, अमर सिंह सोमवंशी, आशुतोष सिंह, किरन सिंह और महेश पाल सिंह ‘उपकारी’ सहित महासभा की कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।


