कन्नौज। शारदीय नवरात्र के उल्लास के बीच शहर के एसबीएस इंटर कॉलेज खेल मैदान में सजे सन्मार्ग समिति के दुर्गा पूजा पंडाल में गुरुवार को भक्ति और कला का अनूठा संगम देखने को मिला।
एक ओर मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, तो दूसरी ओर रंगों से सजी रंगोलियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मां के दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिनभर पंडाल में भक्तों की आवाजाही बनी रही और श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
दुर्गा उत्सव के अंतर्गत आयोजित रंगोली सजाओ प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। बच्चों ने रंगों और आकृतियों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता को जमीन पर उकेरा। किसी रंगोली में पारंपरिक कला की झलक दिखाई दी, तो किसी में रंगों का आकर्षक तालमेल और रचनात्मक सोच नजर आई। बच्चों की कलाकारी से पंडाल की सुंदरता और बढ़ गई। प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुति को सबसे आकर्षक बनाने के लिए प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में रुचि मिश्रा (पीएस) और एआरटीओ इज्या तिवारी मौजूद रहीं।
उन्होंने प्रतिभागियों की रंगोलियों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए रंगों के संयोजन, कलात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभा का आकलन किया।
पंडाल में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम भी जारी रहा। आचार्य शिवांक अग्निहोत्री और सचिन तिवारी ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालु मां की आराधना में लीन नजर आए।


