कमालगंज संवाददाता।
कमालगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी रघुनंदपुर गांव निवासी किसान श्रीपाल (57) साइकिल से अपने खेत के समीप स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। बताते हैं कि मुरादपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल किसान को सीएचसी कमालगंज ले जाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. विकास पटेल ने उनका प्राथमिक उपचार किया।


