पटना: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ (Phulwari Sharif) स्थित ईसापुर इलाके में मो. शहाब के तीन मंजिला मकान में किराए पर रहने वाले मो. मन्नान के घर में बुधवार दोपहर खाना बनाने के दौरान एलपीजी गैस सिलेंडर में भीषण ब्लास्ट (Gas cylinder explosion) हो गया। इस अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। हादसे मेंकिरायेदार की 45 वर्षीय पत्नी रेहाना खातून की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चूल्हा जलाते ही सिलेंडर ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में यह भीषण आग पूरे घर में फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि रेहाना खातून को संभलने या बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। पति मो. मन्नान ने अपनी पत्नी को बचाने की असफल कोशिश की, जिसमें उनका हाथ भी बुरी तरह झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
इस अग्निकांड में मन्नान के घर का सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घर में रखा हुआ अनाज, महंगे कपड़े, नकदी, जेवरात और जरूरी कागजात जलने से परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के बाद रेहाना खातून के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम संयुक्त रूप से इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि सिलेंडर में यह ब्लास्ट तकनीकी खराबी के कारण हुआ था या किसी अन्य लापरवाही से।


