फर्रुखाबाद। नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद के तत्वावधान में लोकप्रिय युवा कवि उत्कर्ष अग्निहोत्री के संयोजन तथा सुप्रसिद्ध मंच संचालक वैभव सोमवंशी के सह संयोजन में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। साहित्य और कविता के इस आयोजन में जनपद के वरिष्ठ साहित्यकारों को सम्मानित किया गया तथा देशभर से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।
कार्यक्रम में डॉ. शिव ओम अंबर, , छंद विधा के प्रतिष्ठित रचनाकार रामअवतार शर्मा ‘इंदु’, नवगीत विधा के रचनाकार डॉ. राजेश हजेला, गजलकार एवं पत्रकार श्री उपकार मणि सहित अनेक साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में डॉ. शिव ओम अंबर, प्रताप फौजदार, शबीना अदीब, अजय अंजाम, प्रियांशु गजेन्द्र, उत्कर्ष अग्निहोत्री और वैभव सोमवंशी ने काव्य पाठ किया। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, वीर रस, श्रृंगार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
मंच पर कवियों की प्रस्तुतियों के दौरान श्रोताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। साहित्य प्रेमियों ने देर तक कवियों की रचनाओं का आनंद लिया।
आयोजन की सफलता के लिए नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद के साथ-साथ वैभव सोमवंशी और उत्कर्ष अग्निहोत्री के अथक प्रयासों की सराहना की गई। साहित्य प्रेमियों ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नई पीढ़ी को साहित्य और कविता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भव्य कवि सम्मेलन ने फर्रुखाबाद की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती प्रदान की। आयोजन में साहित्यकारों, कवियों और साहित्य प्रेमियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।


