फर्रुखाबाद/शमसाबाद। जमीन विवाद के मामले में न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने और विवादित भूमि पर निर्माण कराने के आरोप में तत्कालीन थाना अध्यक्ष समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। मामला थाना शमसाबाद क्षेत्र का है।
न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार, जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि संबंधित पक्ष द्वारा न्यायालय के आदेश के बावजूद विवादित स्थल पर निर्माण कार्य कराया गया। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि मामले में अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास भी किया गया तथा न्यायालय के आदेश का पालन नहीं कराया गया।
दस्तावेज के मुताबिक प्रार्थी द्वारा पुलिस अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने प्रस्तुत तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए संबंधित धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
जारी आदेश में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, ने संबंधित थाना अध्यक्ष को निर्देशित किया कि प्रार्थना पत्र में वर्णित कथनों के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीकृत कर उसकी सूचना न्यायालय को उपलब्ध कराई जाए।
मामला क्रिमिनल मिसलेनियस केस महेश बनाम मुन्ना खां आदि से संबंधित है। न्यायालय के आदेश के बाद अब पुलिस द्वारा मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की कार्रवाई की जानी है।


