– दोस्तों के साथ खेत देखने गया था युवक, एक साथी को बचाया गया
– संडीला के किन्हौटी गांव का मामला
हरदोई। लगातार बारिश और जलभराव के बीच संडीला कोतवाली क्षेत्र के किन्हौटी गांव में तेज बहाव में एक बीएससी छात्र के बह जाने से हड़कंप मच गया। छात्र की पहचान सूरज के रूप में हुई है। हादसे के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना के करीब 12 घंटे बाद भी सूरज की तलाश जारी रही।
जानकारी के मुताबिक, सूरज अपने कुछ दोस्तों के साथ खेत देखने के लिए गया था। इसी दौरान रास्ते में पानी का बहाव काफी तेज था। खेत के आसपास पहुंचने के दौरान अचानक सूरज तेज पानी की चपेट में आ गया और बह गया। उसके साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह काफी दूर तक बह गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक अन्य युवक भी तेज बहाव की चपेट में आ गया था। उसे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं सूरज का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और युवक की तलाश शुरू की गई।
सूरज के बहने की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश में जुटे रहे। तेज बहाव के कारण राहत और तलाश अभियान में भी मुश्किलें सामने आ रही हैं।
हरदोई में इन दिनों लगातार बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन ने भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय किया है और लोगों से जलभराव तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।


