– पांच साल पहले पिता की मौत के बाद मजदूरी कर मां और दो छोटे भाइयों का कर रहा था पालन-पोषण
– बदनापुर / गदनापुर पेट्रोल पंप के पास हादसा, घर लौटते वक्त हुआ दर्दनाक अंत
कमालगंज संवाददाता।
जिम्मेदारियों ने जिस बच्चे को वक्त से पहले जवान बना दिया था, एक गहरे गड्ढे ने उसकी जिंदगी ही छीन ली। 18 साल की छोटी सी उम्र में अपने परिवार का पेट पालने वाले गौरव की ई-रिक्शा हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9:20 बजे ई-रिक्शा चालक तौफीक खान कमालगंज से सवारी लेकर गांव लौट रहा था। ई-रिक्शा में गौरव भी बैठा था। जैसे ही ई-रिक्शा दरियावगंज मार्ग पर गदनापुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, अचानक उसका पहिया सड़क के गहरे गड्ढे में चला गया। गड्ढे में पहिया जाते ही अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलट गया।
ई-रिक्शा के नीचे दबने से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आनन-फानन में एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक की मां पिंकी देवी बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचीं, जहां का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
तीन भाइयों में सबसे बड़ा था गौरव
बताया जा रहा है कि गौरव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पांच साल पहले पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद घर की सारी जिम्मेदारी इसी नाबालिग कंधों पर आ गई थी। पढ़ने-लिखने की उम्र में वह मजदूरी कर अपनी मां और दो छोटे भाइयों का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार का इकलौता कमाने वाला ही चले जाने से अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों में सड़क पर बने गहरे गड्ढों और प्रशासन की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।


