कायमगंज। नगर क्षेत्र में आवारा अन्ना गौवंश का आतंक लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। मंगलवार सुबह मूली बेचने मंडी जा रहे 23 वर्षीय किसान गोपाल पर एक सांड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में गोपाल बाइक समेत उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोट पहाड़ी गांव निवासी गोपाल सुबह बाइक से मूली लेकर मंडी जा रहा था। मोहल्ला नई बस्ती के पास सड़क पर घूम रहे सांड ने अचानक उसकी बाइक को निशाना बनाकर हमला कर दिया। सांड की टक्कर से बाइक अनियंत्रित हो गई और गोपाल सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर सांड को वहां से भगाया। इसके बाद घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी संख्या में आवारा पशु घूम रहे हैं। इनके कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने नगर पालिका पर आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में नगर पालिका के ईओ डॉ. लव कुमार मिश्र ने बताया कि जल्द ही नगर क्षेत्र में अन्ना गौवंशों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।


