कमालगंज संवाददाता 📍
पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने एक बार फिर नदियों के जलस्तर में वृद्धि कर दी है। कुछ दिन पहले नदियों का पानी खेतों से निकल गया था, लेकिन इस बार की बारिश के बाद गंगा कटरी और काली नदी के आसपास के खेतों में फिर से पानी भर गया है।
सबसे अधिक बढ़ोतरी काली नदी के जलस्तर में दर्ज की गई है, वहीं गंगा नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। इससे नदी किनारे बसे गांवों के खेत दोबारा जलमग्न हो गए हैं।
सबसे अधिक प्रभावित कमालगंज विकास खण्ड के गांव खुदागंज है। लगातार बारिश के कारण खेतों में पहले से ही पानी भरा हुआ था। अब काली नदी का पानी खेतों से होते हुए गांव की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यदि बारिश का यही क्रम जारी रहा तो नदी का पानी गांव की सीमा तक पहुंच सकता है।
स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता है। लगातार जलभराव से फसलों को नुकसान की आशंका है, साथ ही आवागमन में भी कठिनाई बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई परिवार अब भी कच्चे मकानों में रहते हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को लेकर विशेष चिंता बनी हुई है। पानी के गांव तक पहुंचने पर घरों से बाहर निकलने के रास्ते बंद होने और सामान की सुरक्षा को लेकर परेशानी बढ़ सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि काली नदी और गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। संभावित जलभराव को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा और राहत से संबंधित आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़ी समस्या से बचा जा सके।


