मोहम्मदाबाद। कालिंदी एक्सप्रेस से उतरने वाली सवारियों को बुकिंग पर ले जाने के बहाने दो अज्ञात युवकों ने ई-रिक्शा चालक को बंधक बनाकर उसका ई-रिक्शा और मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद चालक को अंगोछे से बांधकर सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र के छावनी फाटक, साहिबगंज चौराहा निवासी जोगिंदर पुत्र अशोक कुमार ने 2 अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है कि 21 सितंबर की रात करीब 11:25 बजे वह ई-रिक्शा संख्या यूपी 76 टी 4245 लेकर कालिंदी एक्सप्रेस से उतरने वाली सवारियों की बुकिंग कर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात लोग उसके ई-रिक्शा में बैठ गए और बघार तक चलने को कहा। दोनों ने 150 रुपये में बुकिंग तय की।
चालक के बघार पहुंचने पर दोनों युवकों ने कुछ आगे जाने की बात कही। आरोप है कि वह उन्हें टोल प्लाजा की ओर लेकर चल दिया। दहेलिया की तरफ पहुंचने के बाद दोनों ने ई-रिक्शा को मोड़ने के लिए कहा। करीब 100 मीटर आगे बढ़ने पर पीछे बैठे दोनों युवकों ने चालक को रोककर उसके हाथ बांध दिए और मोबाइल व ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने चालक को अंगोछे से बांधकर सड़क किनारे छोड़ दिया।
पीड़ित ने बताया कि उसने अपने परिचित ई-रिक्शा चालकों के माध्यम से आरोपियों की पहचान का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं हुई । थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।


