– चार दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन में लोकगीत
– लोकनृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए जन-जन तक पहुंचेगी विकास और विरासत की बात
फर्रुखाबाद। जनपद में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक आयोजनों का शुभारंभ बुधवार से अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र से होगा। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की सांस्कृतिक टोलियां चार दिनों तक विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लोककला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों से संवाद करेंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं के जरिए सेवा, संस्कृति, विरासत और विकास से जुड़े संदेशों को आमजन तक पहुंचाना है। इसके लिए कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य, नाट्य प्रस्तुतियों सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
चार दिवसीय आयोजन के दौरान अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और प्रदेश की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत करेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए सेवा एवं विकास से जुड़े संदेशों को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अमृतपुर विधानसभा में चार दिवसीय कार्यक्रम के बाद इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए जनपद की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम से जोड़ेंगी।
आयोजकों के अनुसार, ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के जरिए सांस्कृतिक विरासत को मंच देने के साथ सेवा और विकास से जुड़े संदेशों को भी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


