कुबेरपुर-कुड़रा मार्ग पर हादसे से मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया
अमृतपुर
थाना अमृतपुर क्षेत्र के कुबेरपुर-कुड़रा मार्ग पर मंगलवार को हनुमान मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि मंगलवार को कुबेरपुर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। जसमई नूरपुर, थाना मऊदरवाजा क्षेत्र निवासी मिथिलेश पत्नी देशराज (लगभग 60 वर्ष), अनुष्का शर्मा पत्नी धर्मेंद्र (लगभग 38 वर्ष) और अंजली शर्मा पुत्री जितेंद्र शर्मा (लगभग 22 वर्ष) भी मंदिर में दर्शन करने आई थीं।
दर्शन करने के बाद तीनों महिलाएं ई-रिक्शा से वापस लौट रही थीं। जैसे ही ई-रिक्शा कुबेरपुर-कुड़रा मार्ग पर पहुंचा, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में मिथिलेश, अनुष्का शर्मा और अंजली शर्मा घायल हो गईं।
ई-रिक्शा पलटने की सूचना मिलते ही थाना अमृतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकलवाया और 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया, जहां घायलों का उपचार कराया गया।
पुलिस की तत्परता से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुटी रही।


