30 C
Lucknow
Tuesday, September 22, 2026

नीम करोरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 3 से 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Must read

700 मीटर लंबी कतारें लगीं, 200 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
मोहम्मदाबाद। बुढ़वा मंगल पर नीम करोरी स्थित बाबा लक्ष्मण दास पुरी की तपोस्थली में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मालिक के अनुसार करीब तीन से चार लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालु ट्रेन, निजी वाहनों और पैदल भी मंदिर पहुंचे।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुल नौ बैरिकेडिंग कराई गई थीं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सात रास्ते बनाए गए, जबकि मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइन तथा बाहर निकलने के लिए भी अलग-अलग रास्ते बनाए गए। दर्शन के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की करीब 700 मीटर लंबी कतार लगी रही।

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए तीन पार्किंग स्थल बनाए गए थे। इनमें एक मंदिर से करीब 1.5 किलोमीटर, दूसरी एक किलोमीटर और तीसरी करीब 500 मीटर की दूरी पर थी। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 200 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी तैनात रही। इसके अलावा 50 पुलिसकर्मी सादा वर्दी में भीड़ के बीच निगरानी करते रहे।

राजेश टीम की ओर से लगाए गए टाइमर के आधार पर करीब एक मिनट में 150 से 250 श्रद्धालुओं के दर्शन करने का अनुमान लगाया गया। मंदिर में दर्शन के साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ। प्रसाद के लिए करीब 20 क्विंटल मैदा से देशी घी में मालपुए और 50 क्विंटल हलवा तैयार किया गया।
मालपुआ बनाने के लिए लगभग 20 से 25 कारीगर आगरा से आए थे वहीं हलवा बनाने के लिए 15 से 20 कारीगर एटा से आए थे।
प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।

चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह ने बताया कि भीड़ के दौरान परिजनों से बिछड़े 30 से अधिक बच्चों को लाउडस्पीकर से घोषणा कर उनके परिजनों से मिलवाया गया। वहीं संदिग्ध नजर आए लोगों को हिरासत में लेकर सत्यापन के बाद छोड़ दिया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article