उरई। जालौन जिले के रामपुरा थाने के थानाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह पर भाजपा कार्यकर्ता से अभद्रता और कथित तौर पर जबरन नागिन डांस कराने के आरोप के बाद पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कार्रवाई की है। एसपी ने थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है और उनकी जगह केपी सरोज को रामपुरा थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा कार्यकर्ता दिनेश मिश्रा ने एसपी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके यहां काम करने वाले एक युवक को पुलिस ने नशे में हंगामा करने के आरोप में पकड़ लिया था। उसे छुड़ाने के लिए वह रामपुरा थाने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां थानाध्यक्ष ने उनसे 20 बोरी सीमेंट की मांग की।
दिनेश मिश्रा का दावा है कि मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उन्हें एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया और करीब 10 मिनट तक नागिन डांस करने के लिए मजबूर किया गया।
शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद भाजपा रामपुरा मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापति को भी थाने बुलाया गया और उन्हें नागिन डांस कराने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। मामले की शिकायत भाजपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से की थी।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष के खिलाफ इससे पहले भी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और लोगों के साथ व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों की जांच भी चल रही थी। एसपी ने इन्हीं शिकायतों और ताजा प्रकरण को देखते हुए शिव प्रकाश सिंह को लाइन हाजिर किया है।
हालांकि, थानाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह ने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। एसपी ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही थी। बाद में कार्रवाई के तहत उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया।


