नवाबगंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर नवाबगंज नगर पंचायत में गौ सेवा कार्यक्रम हुआ। यह आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत और अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रमोद कुमार ने गौशाला में चारे वाली मशीन से हरा चारा काटा। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने गायों को सानी लगाई और तैयार किया गया हरा चारा खिलाया। इस दौरान गायों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें गुड़ व केले भी खिलाए गए।
अध्यक्ष ने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने चारे, साफ-सफाई और अन्य जरूरी इंतजामों की जानकारी ली।
अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत ने कहा कि गौ सेवा, सेवा संकल्प अभियान का एक अहम हिस्सा है। उन्होंने सभी से गौवंश की सेवा और देखभाल के कामों में आगे आकर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि नगर पंचायत की ओर से जनहित से जुड़े सेवा कामों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
ईओ प्रमोद कुमार ने बताया कि गौशाला में गौवंश के लिए चारा, पानी और साफ-सफाई जैसे इंतजामों पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गौ सेवा के साथ-साथ जनहित के दूसरे कामों में भी नगर पंचायत की टीम बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।
इस मौके पर विकास गंगवार, अंबुज भारद्वाज, कुलदीप दीक्षित, प्रदीप राजपूत, अनुज राजपूत, अजीत शर्मा, लक्ष्मण राजपूत, राजेंद्र कठेरिया, नगर पंचायत कर्मचारी रमेश कुमार, रामनक्षत्र समेत कई दूसरे कर्मचारी और लोग मौजूद थे।


