फर्रुखाबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने कोतवाली फतेहगढ़ का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे एएसपी के निरीक्षण से पुलिस कर्मियों में सक्रियता बढ़ गई। उन्होंने कोतवाली में विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अभिलेखों के रखरखाव और पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने कंप्यूटर कार्यालय का निरीक्षण कर वहां किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही अपराध पुस्तिका समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की गई। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा उनमें दर्ज मामलों की नियमित समीक्षा करने के संबंध में संबंधित पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एएसपी ने कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और कानून-व्यवस्था की स्थिति को भी परखा। शहर क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) वाहनों को भी चेक किया। उन्होंने वाहनों की स्थिति, तैनात पुलिस कर्मियों तथा उनकी तत्परता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी सूचना पर पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही पुलिस की मौजूदगी को प्रभावी बनाने और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था को लेकर एएसपी ने किया फतेहगढ़ कोतवाली का औचक निरीक्षण


