25 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

गाली-गलौज का विरोध करने पर घर में घुसे दबंग

Must read

 

मां-बेटे और बेटी को लाठी-डंडों से पीटा

फर्रुखाबाद। बढ़पुर विकासखंड क्षेत्र के शहर कोतवाली अंतर्गत जटवारा जदीद मोहल्ले में गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि गाली-गलौज कर रहे युवकों ने विरोध करने पर घर में घुसकर मां, बेटे और बेटी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। हमले में तीनों घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले।

जटवारा जदीद निवासी 42 वर्षीय मधु पत्नी रघुवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात उनके 18 वर्षीय बेटे नीतीश का जन्मदिन था। परिवार के लोग घर पर मौजूद थे। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवक घर के बाहर गाली-गलौज करने लगे। परिवार ने जब युवकों को गाली देने से मना किया तो वह आक्रोशित हो गए।

महिला का आरोप है कि कुछ देर बाद युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर जबरन उनके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने मधु, उनके बेटे नीतीश और 17 वर्षीय बेटी गुनगुन को पीटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।

लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया और उपचार शुरू किया।

शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत ने बताया कि महिला की ओर से मारपीट की शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article