नवाबगंज में गुरुवार को सीओ आलोक कुमार सिंह ने थाना नवाबगंज का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष और मैस समेत कई व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को रिकॉर्ड के रखरखाव और शिकायतों के निपटारे में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

सीओ ने सबसे पहले थाना कार्यालय पहुंचकर अलग-अलग रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं व रिकॉर्ड के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। यहां संबंधित रजिस्टरों की जांच की गई और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के निपटारे की स्थिति देखी।
इसके बाद सीओ ने थाना परिसर में बनी मैस का निरीक्षण किया। उन्होंने मैस में बन रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था को भी परखा। भोजन की गुणवत्ता को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीओ ने गुमशुदा रजिस्टर भी मंगवाकर जांच की। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज गुमशुदा लोगों के बारे में पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। साथ ही उनके संबंध में की गई कार्रवाई की स्थिति भी जानी। सीओ ने लंबित मामलों में जरूरी कार्रवाई करते हुए गुमशुदा लोगों की तलाश पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए।


