गया जी: बिहार में नशे के तस्कर अब आधुनिक और हाई-प्रोफाइल ट्रेनों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। ताजा मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गया जंक्शन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तेजस राजधानी एक्सप्रेस (Tejas Rajdhani Express) से लगभग 16 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवती (Female smuggler) को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कुल कीमत करीब 7.91 लाख रुपए आंकी गई है।
आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से आने वाली ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की खेप दिल्ली भेजी जा रही है। इसी के तहत ‘ऑपरेशन नारकोश’ के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने तेजस राजधानी एक्सप्रेस के कोच संख्या A-3 को रडार पर लिया। जैसे ही ट्रेन सोमवार सुबह करीब चार बजे गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर रुकी, सुरक्षा बलों ने तुरंत घेराबंदी कर दी।
संदिग्ध बर्थ पर यात्रा कर रही लड़की के सामान की जब नियमों के तहत तलाशी ली गई, तो उसके होश उड़ गए। उसके एक पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग से कुल 15 बंडल गांजा बरामद हुआ। हर एक बंडल का वजन लगभग एक किलोग्राम था, और कुल वजन 15.822 किलोग्राम निकला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मीणा कुमारी के रूप में हुई है, जो गयाजी के खिजरसराय थाना क्षेत्र के नैली गोबरडीहा की रहने वाली है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह इस खेप को जाजपुर क्योंझर रोड (ओडिशा) से लेकर चली थी और इसे ट्रेन के माध्यम से दिल्ली पहुंचाने वाली थी। उसकी यात्रा का PNR नंबर 6709483397 सामने आया है।
घटना के बाद रेलवे आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी लड़की को राजकीय रेल पुलिस (GRP) गया के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन सा बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है और दिल्ली में इस खेप को किसे रिसीव करना था।


