बेटे की हत्या के बाद सियासी दांव
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी के पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने रेजीनगर सीट से शाश्वर सरकार को मैदान में उतारा है। नंदीग्राम का उपचुनाव एक बार फिर शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के बीच सियासी टकराव का केंद्र बनता दिख रहा है।
हसीरानी रथ पंचायत सदस्य रह चुकी हैं और पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी थीं। उनके बेटे चंद्रनाथ रथ की इस साल 6 मई की देर रात मध्यमग्राम के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई थी। चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद हुई इस हत्या ने उस समय भी राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी।
नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। 2026 के विधानसभा चुनाव में अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया, जिसके चलते यहां उपचुनाव की स्थिति बनी।
नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुट भी आमने-सामने हैं। बागी गुट ने मोहम्मद एतेशामुल हक को, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया है। दोनों गुट खुद को असली तृणमूल बताते हुए ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न पर दावा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों से दस्तावेज मांगे हैं और 16 सितंबर तक जवाब देने को कहा है।
कांग्रेस ने नंदीग्राम से मिलन प्रधान और सीपीआई ने शांति गोपाल गिरी को उम्मीदवार बनाया है। नंदीग्राम का राजनीतिक महत्व 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़ा है, जिसने तृणमूल कांग्रेस के उभार में बड़ी भूमिका निभाई थी। 2021 में इसी सीट पर ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी ने हराया था। अब उपचुनाव में भाजपा द्वारा चंद्रनाथ रथ की मां को मैदान में उतारे जाने से मुकाबला और अधिक चर्चित हो गया है।


