नवाबगंज में ई-रिक्शा और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। इनमें स्कूटी सवार श्याम लाल और पन्ना लाल राठौर शामिल हैं, जो आलू बेचकर घर लौट रहे थे।
यह घटना शनिवार शाम करीब 7:30 बजे करनपुर-फर्रुखाबाद मार्ग पर पहाड़पुर गांव के पास हुई। स्कूटी सवार फर्रुखाबाद से आलू बेचकर वापस बीसलपुर गांव लौट रहे थे। सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी स्कूटी टकरा गई। ई-रिक्शा करनपुर निवासी आकाश चला रहा था, वह भी घायल हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंची और घायलों को नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
सीएचसी में फार्मासिस्ट राजीव कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। श्याम लाल और आकाश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक दीपक कुमार त्रिवेदी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली।


