– सुबह 8 बजे से ड्यूटी, दोपहर तक भोजन-पानी की व्यवस्था नहीं
– वीआईपी कार्यक्रम की चकाचौंध में कर्मचारियों की मूलभूत जरूरतें भूले जिम्मेदार
अमृतपुर, फर्रुखाबाद।आईटीआई दौलतपुर चकई में आयोजित मंत्री जयवीर सिंह के कार्यक्रम में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए सुबह आठ बजे से ड्यूटी पर लगाए गए पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों को कथित रूप से भोजन और पेयजल तक उपलब्ध नहीं कराया गया। घंटों से ड्यूटी निभा रहे कर्मचारियों की इस स्थिति ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक ओर मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित दिखाने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिसकर्मी और अन्य कर्मचारी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि सुबह से लगातार ड्यूटी पर रहने के बावजूद उनके भोजन-पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई।
वीआईपी कार्यक्रमों में अधिकारियों की मौजूदगी, सुरक्षा घेरा और प्रोटोकॉल व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाती है, लेकिन घंटों तक ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए भोजन और पानी जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे में व्यवस्था की इस कथित अनदेखी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।


