– प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सर्पदंश पीड़ित को दिया राहत अनुदान का चेक
– बोले- हर पात्र परिवार तक समय से पहुंचे मदद
फर्रुखाबाद। बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अमृतपुर में राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने बाढ़ प्रभावित 100 परिवारों को राहत सामग्री किट वितरित की। इसके साथ ही सर्पदंश से प्रभावित एक लाभार्थी को आपदा राहत अनुदान का चेक भी सौंपा गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और शासन की ओर से अनुमन्य सहायता प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिन क्षेत्रों में अतिरिक्त राहत सामग्री या अन्य संसाधनों की जरूरत है, वहां उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपदा के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जयवीर सिंह ने अधिकारियों को राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। राहत सामग्री के वितरण में पारदर्शिता बरतने और पात्र लोगों तक सरकारी मदद पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की प्रशासक मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, तहसीलदार अमृतपुर शशांक सिंह सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


