फर्रुखाबाद। जिले में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली। तड़के आसमान में घने बादल छाने के बाद करीब साढ़े छह बजे तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक तेज बारिश हुई, इसके बाद रुक-रुककर बूंदाबांदी जारी रही। बारिश से पिछले दो दिनों से उमस और गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।
शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर देखने को मिला। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बच्चे बरसाती पहनकर तो कुछ छाता लेकर स्कूल जाते नजर आए। सड़कों पर बारिश के कारण आवाजाही भी प्रभावित हुई।
बारिश को लेकर किसानों की चिंता भी अलग-अलग है। किसानों के मुताबिक इस समय हुई बारिश धान की फसल के लिए लाभकारी है। खेतों में नमी बढ़ने से धान को फायदा मिलेगा और सिंचाई की जरूरत भी कुछ कम होगी। वहीं सब्जियों की फसल के लिए लगातार बारिश नुकसानदायक साबित हो सकती है।
किसानों ने बताया कि इन दिनों घुईया की खुदाई भी चल रही है। बारिश में भीगने के कारण घुईया के खराब होने की आशंका बढ़ जाती है। सब्जी उत्पादकों को अब फसल बचाने के साथ खुदाई और भंडारण को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ेगी।
शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम के बदले मिजाज ने जहां आमजन को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों के लिए बारिश फायदे और नुकसान दोनों का संदेश लेकर आई।


