कानपुर। शहर की खस्ताहाल सड़कों और बदहाल यातायात व्यवस्था ने वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में प्रशासन की किरकिरी करा दी। होटल लैंडमार्क में हुई बैठक के दौरान समिति के चेयरमैन राहुल सिन्हा ने जाजमऊ से होटल तक पहुंचने में लगे समय को लेकर अधिकारियों के सामने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लखनऊ से कानपुर पहुंचने में जितना समय नहीं लगा, उससे अधिक समय जाजमऊ से होटल पहुंचने में लग गया।
चेयरमैन की इस टिप्पणी के बाद बैठक में मौजूद अधिकारियों के बीच सन्नाटा छा गया। प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ. एसपी गोयल और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी भी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि उनका काफिला भी इसी मार्ग से होकर बैठक स्थल तक पहुंचा था।
करीब साढ़े पांच घंटे चली बैठक में एमएसएमई, रक्षा, चमड़ा, इत्र और सराफा कारोबार से जुड़े उद्यमियों ने शहर की समस्याएं समिति के सामने रखीं। कारोबारियों ने जाजमऊ गंगा पुल की जर्जर हालत, आए दिन लगने वाले भीषण जाम और खराब सड़कों से कारोबार पर पड़ रहे असर का मुद्दा उठाया। उद्यमियों ने इन समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। बैठक में बुनियादी ढांचे की बदहाली को लेकर उठे सवालों ने प्रशासनिक दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए।


