कमालगंज 📍
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव टड़ा नगला में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर चले गए। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मृतका की पहचान गांव टड़ा नगला निवासी महावीर की पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई थी। इससे आहत होकर रीता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर रीता की बहन ममता गांव पहुंची और वहां दोनों पक्षों में कहासुनी होने के बाद ससुराल के लोग मौके से खिसक गए। रविवार सुबह मृतका के पिता, जो जनपद कन्नौज के सरायप्रयाग थाना क्षेत्र के गांव पिलकिया के निवासी वीरेंद्र सिंह हैं, अपने बेटों प्रदीप, संदीप और विनोद तथा अन्य ग्रामीणों के साथ टड़ा नगला पहुंचे और ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे।
बहन ममता ने बताया कि रीता के तीन छोटे बच्चे हैं – सात साल का अभी, पांच साल की चिंकी और दो साल की पिंकी।
सूचना पर थानाध्यक्ष रामसहाय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। दारोगा कमलेश कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अनुनय कुटार द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृतका के पेट और पीठ पर दो चोटों के निशान मिले हैं। मौत का कारण स्पष्ट न होने की स्थिति में बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।


