फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में शुक्रवार देर शाम पारिवारिक विवाद के दौरान सनसनीखेज घटना सामने आई। एक पूर्व सैनिक ने कथित तौर पर पत्नी पर रिवाल्वर से गोली चला दी। गोली पत्नी को लगने के बजाय पास खड़े सेना में तैनात बेटे की जांघ में जा लगी। गोली जांघ के आर-पार होने से बेटा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल को फतेहगढ़ स्थित मिलिट्री अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया गया कि पूर्व सैनिक और उसकी पत्नी के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने पति से कथित संबंध खत्म करने की बात कही। आरोप है कि इससे नाराज होकर पूर्व सैनिक ने अपनी रिवाल्वर निकाल ली और पत्नी की ओर गोली चला दी। इसी दौरान पास में खड़ा उनका सेना में तैनात बेटा बीच में आ गया और गोली उसकी जांघ में जा लगी।
गोली लगते ही घायल बेटा मौके पर गिर पड़ा और काफी खून बहने लगा। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि घायल की पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना को लेकर घायल की मां ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर कादरीगेट पुलिस ने पूर्व सैनिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर और लाइसेंसी हथियार से संबंधित तथ्यों की भी जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


