, ब्रजभूमि को अयोध्या-काशी जैसा भव्य बनाएंगे
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। जन्मस्थान पर संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि भारत पर अनेक आक्रमण हुए, लेकिन कोई भी सनातन की आस्था को मिटा नहीं सका। जिन्होंने ऐसा दुस्साहस किया, वे स्वयं मिट्टी में मिल गए और आज उनका नाम लेने वाला भी कोई नहीं है।
मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की आस्था श्रीकृष्ण, श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है। उन्होंने सवाल किया कि जिनकी आस्था बाबर और औरंगजेब में है, क्या वे जनता की आस्था का सम्मान कर पाएंगे? योगी ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग समाज में जहर घोलने का प्रयास कर सकते हैं और बहन-बेटियों की सुरक्षा में भी सेंध लगाने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इनके मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों को अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर अच्छा नहीं लगता, वे अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मथुरा-वृंदावन में भी अयोध्या और काशी की तर्ज पर भव्य परिसर विकसित किया जाए। ब्रजभूमि को श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप संवारने में सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री के मथुरा पहुंचने से मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।


