अयोध्या: भगवान राम लला को चढ़ाए गए चार करोड़ 10 लाख रुपए का चेक (cheque) बाउंस हो गया है। राम मंदिर (Ram Mandir) में कार्यरत कर्मचारियों और सेवादारों की सुविधाओं के लिए चेन्नई की महिला श्रद्धालु एस. नागलक्ष्मी की ओर से दिए गए चार करोड़ 10 लाख रुपए के सशर्त दान के चेक ने नया मामला पैदा कर दिया है। ट्रस्ट ने जब बैंक चेक लगाया तो खाते में महज तीन रुपये का बैलेंस होने की जानकारी सामने आई। अब ट्रस्ट चेक जारी करने वाली महिला श्रद्धालु से संपर्क करने की तैयारी है। चेक बाउंस होने की दशा में बैंक महिला को नोटिस जारी कर सकता है।
खबरों के मुताबिक, 25 अगस्त को चेन्नई के कोयंबटूर से दर्शन के लिए अयोध्या आई महिला एस. नागलक्ष्मी ने राम मंदिर ट्रस्ट को दान के तौर पर 4 करोड़ 10 लाख रुपए का चेक दिया था। राम मंदिर में कार्यरत सेवादारों के वेतन को बढ़ाने के उद्देश्य से चेक दिया गया था। बैंक और राम मंदिर ट्रस्ट ने इस मामले पर चुप्पी साध ली है। ट्रस्ट ने जब चेक बैंक में जमा कराया तो संबंधित खाते में केवल 3 रुपये ही मिले। पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण 4 करोड़ रुपये का चेक बाउंस हो गया।
ट्रस्ट की ओर से इस आशय का लिखित आश्वासन फिलहाल नहीं दिया गया। इसके बाद महिला श्रद्धालु चेक ट्रस्ट को सौंपकर चेन्नई लौट गईं। इसके बाद ट्रस्ट ने चेक को बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की। बैंक स्तर पर खाते की पड़ताल में पता चला कि संबंधित खाते में महज तीन रुपये का बैलेंस है। ऐसे में चार करोड़ रुपये का चेक फिलहाल भुगतान की स्थिति में नहीं है।
बैंकिंग प्रक्रिया के तहत चेक में अंकित धनराशि के सापेक्ष खाते में बैलेंस न होने पर बैंक की ओर से खाताधारक को इसकी सूचना दी जाती है। इसी क्रम में अब बैंक महिला को नोटिस भेजकर चेक जारी करने और खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के संबंध में जानकारी करेगा। वहीं, चेक बाउंस होने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई भी बैंक कर सकता है। हालांकि ट्रस्ट अभी महिला श्रद्धालु से वार्ता करने का प्रयास कर रहा है।


