सतना: मध्यप्रदेश के सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट (Chitrakoot) में आई भीषण बाढ़ के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Mohan Yadav) रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कीचड़ और जलभराव के बीच पैदल भ्रमण कर प्रभावित इलाकों की स्थिति को करीब से देखा और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सहायता वितरित की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए। साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
चित्रकूट में लगातार बारिश और मंदाकिनी नदी के उफान से कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। कई क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी भर गया है और उनके सामान को भी नुकसान पहुंचा है। सीएम ने कहा कि प्रशासन की मुस्तैदी के कारण अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।


