फतेहपुर: फतेहपुर में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में स्थित शराब ठेके (liquor shop) के सामने शनिवार को देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली (firing) लगने से मनीष दुबे नामक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
बता दें कि असनी गांव निवासी मनीष दुबे का बेटा वैभव शराब ठेके के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद के बेटों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर वैभव पक्ष से मनीष दुबे और कुछ अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उधर, सेल्समैन गोवर्धन निषाद ने ठेके के मालिक अमन सिंह और मनु सिंह को फोन कर बुला लिया। मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान मनु सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसमें मनीष दुबे को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और पुलिस की मदद से घायल मनीष को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर जब उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, तो रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की पुष्टि के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


