28 C
Lucknow
Saturday, August 29, 2026

पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने नहीं उठाया आकाश का शव, किया हंगामा

Must read

धारा 302 में मुकदमा दर्ज करने की पुलिस से की मांग, बोले जल्द हो आरोपियों की गिरफ्तारी
फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र के गंगानगर कॉलोनी में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से कथित तौर पर हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा 302 में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार कादरी गेट थाना क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी निवासी आकाश कश्यप पर शनिवार सुबह करीब सात बजे कुछ लोगों ने उसके घर पहुंचकर हमला कर दिया। मृतक की पत्नी रूबी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पप्पू शुक्ला, हर्ष शुक्ला, मोनू मिश्रा, सोनी मिश्रा, कंचन मिश्रा, वीरेंद्र मिश्रा, तनु मिश्रा, रमेश धोबी, मोनू चौधरी, हरिओम उर्फ उल्ली तथा मनु पुत्र राजू मास्टर समेत करीब 10 अज्ञात लोग घर पर पहुंचे और आकाश के साथ लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से मारपीट की।
हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
11 नामजद समेत 10 अज्ञात पर मुकदमा
युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी रूबी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 11 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि परिजन पुलिस द्वारा दर्ज की गई धाराओं से संतुष्ट नहीं हुए।
परिजनों का आरोप है कि आकाश की गंभीर मारपीट के बाद मौत हुई है, इसलिए आरोपियों के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पर शव रखकर हंगामा
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम हाउस में ही रखकर अपनी मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि जब तक पुलिस हत्या की धारा 302 में मुकदमा दर्ज नहीं करती, तब तक वह शव को नहीं ले जाएंगे।
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर अरुण वर्मा तथा कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के बाद पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। मृतक के परिजनों की मांग और पुलिस द्वारा दर्ज की गई धाराओं को लेकर देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article