28 C
Lucknow
Saturday, August 29, 2026

बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचीं जिलाधिकारी, राहत व्यवस्था का लिया जायजा

Must read

 

ग्रामीणों से संवाद कर जानी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को तहसील अमृतपुर के विकासखंड राजेपुर के बाढ़ प्रभावित ग्राम अल्हादपुर भटौली, फकरपुर, कोदरी सारंगपुर, करनपुर घाट सहित रामगंगा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ की स्थिति, रामगंगा के बढ़ते जलस्तर और गांवों में जलभराव का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की संख्या, आवागमन, पेयजल, भोजन, प्रकाश, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुओं तथा राहत सामग्री की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं और भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमें लगातार भ्रमणशील रहें और लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। आवागमन के लिए पर्याप्त नावों और नाविकों की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमों को नियमित शिविर लगाकर दवाओं का वितरण करने के निर्देश दिए। एंटी स्नेक दवा तथा जलजनित रोगों से बचाव की व्यवस्था भी सुचारु रखने को कहा।

उन्होंने पेयजल के लिए क्लोरीन की गोलियां तथा पशुओं के लिए पर्याप्त भूसा-चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ से नष्ट हुई फसलों वाले किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों का चिन्हांकन कर सर्वे कराने और फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने को कहा।

जिलाधिकारी ने रामगंगा नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा संभावित प्रभावित क्षेत्रों की सूचना प्राप्त कर समय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article